नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने रिलायंस एडीए ग्रुप के चेयरमैन अनिल अंबानी को 14 नवंबर को पूछताछ के लिए बुलाया है। यह समन कथित बैंक धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग केस से जुड़ा है। सूत्रों के मुताबिक, एजेंसी इस मामले में उनसे अहम वित्तीय लेनदेन को लेकर पूछताछ करेगी।

ईडी ने अगस्त महीने में भी 66 वर्षीय अनिल अंबानी से इसी मामले में पूछताछ की थी। अब उन्हें फिर से भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) से जुड़े कथित बैंक लोन फ्रॉड के सिलसिले में तलब किया गया है।
गौरतलब है कि ईडी ने हाल ही में अंबानी समूह की कंपनियों से जुड़ी करीब 7,500 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की थी। यह कार्रवाई सीबीआई द्वारा दर्ज एफआईआर के आधार पर की गई थी, जिसमें धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराएं लगाई गई हैं।
वहीं, रिलायंस एडीए समूह ने बयान जारी कर कहा कि कुर्क की गई संपत्तियों में से ज्यादातर रिलायंस कम्युनिकेशंस की हैं, जो फिलहाल समाधान पेशेवर (आरपी) और भारतीय स्टेट बैंक की अगुवाई वाली ऋणदाताओं की समिति (सीओसी) के नियंत्रण में है।
