पिथौरागढ़: उत्तराखंड की बेटियां अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर लगातार अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। सीमांत जनपद पिथौरागढ़ की युवा बॉक्सर आरती धारियाल ने रोमानिया में आयोजित प्रतिष्ठित गोल्डन बेल्ट इंटरनेशनल बॉक्सिंग टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए स्वर्ण पदक जीत लिया। 54 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल मुकाबले में उन्होंने मेजबान देश की मुक्केबाज कार्ला लौरा को दूसरे राउंड में आरएससी (Referee Stopped Contest) के जरिए हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
![]()
दूसरे राउंड में ही दर्ज की शानदार जीत
12 जुलाई 2026 से रोमानिया में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में आरती ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। उनके लगातार सटीक पंचों के सामने मेजबान खिलाड़ी टिक नहीं सकीं और दूसरे राउंड में रेफरी ने मुकाबला रोकते हुए आरती को विजेता घोषित कर दिया।
उत्तराखंड की बेटियां लगातार चमका रहीं नाम
हाल के दिनों में पिथौरागढ़ की महिला मुक्केबाजों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार शानदार प्रदर्शन किया है। इससे पहले इंडोनेशिया के जकार्ता में आयोजित एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में निकिता चंद और काजल फर्स्वाण ने भारत के लिए रजत पदक जीते थे। अब आरती धारियाल ने स्वर्ण पदक जीतकर उत्तराखंड और देश का गौरव और बढ़ा दिया है।
‘मेहनत और अनुशासन का मिला इनाम’
जीत के बाद आरती धारियाल ने कहा कि यह उपलब्धि वर्षों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगातार अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार, कोच, दोस्तों, बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (BFI), स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) और मुख्य कोच सैंटियागो नीवा को दिया।
गौरीहाट गांव से अंतरराष्ट्रीय मंच तक का सफर
21 वर्षीय आरती धारियाल पिथौरागढ़ जिले के मूनाकोट ब्लॉक के गौरीहाट गांव की रहने वाली हैं। वर्तमान में वह पटियाला स्थित एलिट सीनियर बॉक्सिंग कैंप में प्रशिक्षण ले रही हैं। उन्होंने अपने खेल करियर की शुरुआत पिथौरागढ़ के स्मॉल खेलो इंडिया बॉक्सिंग सेंटर से की, जहां बॉक्सिंग कोच निखिल महर ने उन्हें प्रशिक्षित किया।
खेल विभाग ने दी बधाई
जिला क्रीड़ा अधिकारी अनूप बिष्ट ने आरती की उपलब्धि को उत्तराखंड के लिए गौरवपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि सीमांत जिले की महिला खिलाड़ी लगातार अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर रही हैं और यह राज्य के खेल जगत के लिए बेहद प्रेरणादायक है।
आरती धारियाल की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर खेल विभाग, बॉक्सिंग संघ, प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों और स्थानीय लोगों ने उन्हें बधाई दी है। पूरे पिथौरागढ़ और उत्तराखंड में उनकी सफलता का जश्न मनाया जा रहा है।
