देहरादून/उत्तरकाशी: उत्तराखंड की होनहार बेटी आंचल रावत ने भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर बनकर प्रदेश को गौरवान्वित किया है। उत्तरकाशी जनपद के सिलक्यारा क्षेत्र के मांड्यासारी गांव की मूल निवासी आंचल ने हैदराबाद स्थित एयरफोर्स एकेडमी में आयोजित पासिंग आउट परेड के बाद भारतीय वायुसेना में अधिकारी के रूप में कदम रखा।

वर्तमान में देहरादून में निवास कर रहीं आंचल रावत की इस उपलब्धि से न केवल उनका परिवार बल्कि पूरा प्रदेश गर्व महसूस कर रहा है।
सैन्य पृष्ठभूमि से मिली प्रेरणा:
आंचल के पिता सूबेदार मेजर ऑनरेरी कैप्टन उदय सिंह रावत (सेवानिवृत्त) भारतीय सेना में सेवाएं दे चुके हैं। घर के सैन्य माहौल और अनुशासन ने बचपन से ही आंचल के भीतर देश सेवा का जज्बा पैदा किया। उन्होंने अपने पिता के पदचिह्नों पर चलते हुए वायुसेना में अधिकारी बनने का लक्ष्य तय किया और कठिन परिश्रम के बल पर उसे हासिल कर लिया।
गर्व और भावनाओं से भरा पल:
पासिंग आउट परेड का क्षण आंचल और उनके परिवार के लिए बेहद खास रहा। इस अवसर पर उनके माता-पिता भी मौजूद रहे और अपनी बेटी को फ्लाइंग ऑफिसर के रूप में कमीशन होते देख भावुक हो उठे। समारोह के दौरान माता-पिता ने उनके कंधों पर सितारे सजाकर इस उपलब्धि को यादगार बना दिया।
प्रदेशभर में जश्न का माहौल:
आंचल रावत की सफलता से उत्तरकाशी सहित पूरे उत्तराखंड में खुशी की लहर दौड़ गई है। क्षेत्रवासियों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न संगठनों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा:
आंचल रावत की यह उपलब्धि प्रदेश की बेटियों के लिए एक मिसाल बनकर सामने आई है। उन्होंने साबित किया है कि लगन, मेहनत और देश सेवा के प्रति समर्पण से हर सपना साकार किया जा सकता है।
