रुद्रपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के रुद्रपुर दौरे को लेकर गुरुवार को पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। शहर में कई स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए, जबकि त्रिशूल चौक पर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य अभिनंदन किया।

राष्ट्रीय अध्यक्ष का काफिला जैसे ही त्रिशूल चौक पहुंचा, वहां मौजूद कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा और नारों के साथ उनका स्वागत किया। इस दौरान महापौर विकास शर्मा के नेतृत्व में भाजपा पार्षदों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने उन्हें सम्मानित किया। महापौर ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को स्मृति चिन्ह के रूप में त्रिशूल भेंट कर उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, सांसद अजय भट्ट, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ मौजूद रहे। कुछ देर के लिए रुके काफिले के दौरान कार्यकर्ताओं ने पार्टी के समर्थन में नारे लगाए और राष्ट्रीय अध्यक्ष का अभिनंदन किया।
त्रिशूल चौक पर नगर निगम की ओर से स्थापित विशाल त्रिशूल भी आकर्षण का केंद्र रहा। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने इसकी भव्यता की सराहना करते हुए शहर के सौंदर्यीकरण के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार करते हुए हाथ हिलाकर उनका उत्साह बढ़ाया।
पूरे कार्यक्रम के दौरान त्रिशूल चौक पर उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। भाजपा के झंडों, नारों और पुष्पवर्षा के बीच कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
स्वागत कार्यक्रम के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष का काफिला आर्क होटल में आयोजित पंजाबी गौरव सम्मेलन के लिए रवाना हो गया, जहां उन्होंने कार्यक्रम में सहभागिता की।
इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम, जितेंद्र गौतम, पवन राणा, बीनू समेत भाजपा के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
