केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह छह नवंबर को देहरादून पहुंचेंगे। इस दौरान वह उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान करने के समारोह में शामिल होंगे। पहले यह कार्यक्रम नौ नवंबर को आयोजित होना था, लेकिन त्योहारों को देखते हुए इसकी तारीख में बदलाव किया गया है। अब यह समारोह छह नवंबर को आयोजित किया जाएगा।
गृहमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। उनके आगमन और प्रस्थान के लिए रूट निर्धारित करने की प्रक्रिया चल रही है। इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों के बीच बैठकों का दौर शुरू हो गया है।
कार्यक्रम को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए संबंधित विभागों के बीच समन्वय किया जा रहा है। गृहमंत्री के दौरे के मद्देनजर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

