हल्द्वानी कोतवाली परिसर में महिला दरोगा के साथ कथित मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग में कार्रवाई की गई है। महिला दरोगा की शिकायत पर सिपाही अनिल गिरि के खिलाफ छह धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को निलंबित कर मामले की जांच महिला सीओ अंजना नेगी को सौंपी गई है।

फोन पर धमकी देने का लगाया आरोप
महिला दरोगा ने पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया कि 10 अक्टूबर को सिपाही अनिल गिरि ने फोन पर उनके साथ गाली-गलौज की। साथ ही उनके पति और बच्चों को जान से मारने की धमकी दी। महिला दरोगा के पति और बच्चे काशीपुर में रहते हैं।
शिकायत के अनुसार, 11 अक्टूबर को महिला दरोगा की परीक्षा ड्यूटी थी। आरोप है कि उसी दिन सुबह करीब छह बजे सिपाही ने उन्हें फोन कर जान से मारने की धमकी दी। खुद को असुरक्षित महसूस करने पर महिला दरोगा हल्द्वानी कोतवाली पहुंचीं।
कोतवाली में मोबाइल छीनने और मारपीट का आरोप
महिला दरोगा का आरोप है कि कोतवाली परिसर में पहुंचने के बाद सिपाही ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया और उनके साथ मारपीट की। बचने के लिए वह सीसीटीएनएस कक्ष की ओर चली गईं। वहां पहले से दो पुलिसकर्मी मौजूद थे।
आरोप है कि सिपाही वहां भी पहुंच गया और महिला दरोगा की वर्दी पकड़कर उनके साथ मारपीट करने लगा। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप कर दोनों को अलग किया और स्थिति को शांत कराया।
एसएसपी से की गई शिकायत, आरोपी पर कार्रवाई
महिला दरोगा ने घटना के संबंध में एसएसपी को लिखित और मौखिक शिकायत देने के साथ ही व्हाट्सएप के माध्यम से भी अपनी शिकायत भेजी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी सिपाही के खिलाफ छह धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उसे निलंबित कर दिया।
महिला सीओ करेंगी मामले की जांच
एसएसपी नैनीताल मंजुनाथ टीसी के मुताबिक, आरोपी सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे निलंबित कर दिया गया है। मामले की जांच जल्द पूरी कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल महिला दरोगा की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच जारी है।
