एशियन गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। शूटिंग में भारत ने एक और गोल्ड मेडल अपने नाम किया है। हरियाणा की निशानेबाज नीरू ढांडा ने महिला ट्रैप शूटिंग के व्यक्तिगत इवेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीत लिया। इसके साथ ही वह एशियन गेम्स के ट्रैप शूटिंग इवेंट में व्यक्तिगत गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय बन गई हैं।

नीरू ने फाइनल में कुल 30 में से 28 निशाने सटीक लगाए और गोल्ड मेडल पर कब्जा किया। उनके इस प्रदर्शन के साथ एशियन गेम्स और एशियन रिकॉर्ड भी दर्ज हुआ। चीन की सुन युनोंग ने 26 हिट के साथ सिल्वर मेडल जीता, जबकि कुवैत की हजर अब्दुलमलिक ने 21 हिट के साथ ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।
नीरू ने एक ही इवेंट में जीते दो पदक
नीरू ढांडा का यह एशियन गेम्स 2026 में दूसरा पदक है। इससे पहले उन्होंने आशीमा अहलावत और मनीषा कीर के साथ महिला ट्रैप शूटिंग टीम इवेंट में सिल्वर मेडल जीता था।
भारतीय टीम ने टीम इवेंट में कुल 328 का स्कोर हासिल किया। चीन ने 346 के स्कोर के साथ गोल्ड और कुवैत ने 325 के स्कोर के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता।
व्यक्तिगत ट्रैप में गोल्ड जीतने के साथ ही नीरू ने इस एशियन गेम्स में भारत की शूटिंग में एक और स्वर्ण पदक जोड़ दिया है।
शूटिंग में भारत के पदकों की संख्या बढ़ी
नीरू ढांडा के गोल्ड के साथ शूटिंग में भारत के पदकों की संख्या 14 हो गई है। इनमें दो गोल्ड मेडल शामिल हैं। इससे पहले मिश्रित 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में कमलजीत और सुरुचि सिंह की जोड़ी ने भारत को गोल्ड दिलाया था।
नीरू के स्वर्ण पदक के बाद भारत के कुल पदकों की संख्या 48 हो गई है। भारत ने अब तक 5 गोल्ड, 21 सिल्वर और 22 ब्रॉन्ज मेडल जीते हैं।
एशियन गेम्स की पदक तालिका में चीन सबसे आगे
एशियन गेम्स 2026 की मेडल टैली में चीन शीर्ष पर बना हुआ है। चीन ने अब तक 236 पदक जीते हैं, जिनमें 135 गोल्ड, 55 सिल्वर और 46 ब्रॉन्ज शामिल हैं।
जापान 173 पदकों के साथ दूसरे स्थान पर है, जबकि दक्षिण कोरिया 92 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर है। भारत 48 पदकों के साथ पदक तालिका में आगे बढ़ रहा है।
नीरू ढांडा के ऐतिहासिक गोल्ड ने भारतीय शूटिंग के अभियान में एक और बड़ी उपलब्धि जोड़ दी है।
