केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग पर रविवार शाम चीरबासा क्षेत्र में हुए हादसे में एक पांच वर्षीय बालक की जान चली गई। पहाड़ी से अचानक पत्थर और मलबा गिरने की घटना में बालक इसकी चपेट में आ गया। वहीं मार्ग अवरुद्ध होने से बड़ी संख्या में श्रद्धालु रास्ते में फंस गए, जिन्हें सुरक्षित निकालने के लिए रातभर रेस्क्यू अभियान चलाया गया।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम को चीरबासा के पास पहाड़ी से पत्थर गिरने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं। हादसे में उत्तर प्रदेश के एटा निवासी रोहताश यादव के पांच वर्षीय पुत्र यश की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर तैनात बचाव दल ने बालक को पालकी के माध्यम से एमआरपी भैरव मंदिर जंगलचट्टी तक पहुंचाया। हादसे से क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
अधिकारियों के अनुसार, चीरबासा क्षेत्र में भारी मात्रा में मलबा और पत्थर आने से केदारनाथ पैदल मार्ग बाधित हो गया था। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन, पुलिस और रेस्क्यू टीमों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। देर रात तक चले अभियान में मार्ग पर फंसे करीब 1500 श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकालकर आगे के सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया।
प्रशासन ने बताया कि क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है और यात्रा मार्ग की स्थिति पर नजर बनी हुई है। श्रद्धालुओं से मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए सावधानी बरतने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
गौरतलब है कि पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बदलते मौसम और भूस्खलन की घटनाओं के चलते केदारनाथ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है।
