किच्छा। नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस ने किच्छा और सिरौली कला क्षेत्र में अपने प्रचार अभियान को और धार दे दी है। इसी क्रम में विधायक तिलक राज बेहड़ ने नगर के विभिन्न वार्डों और कॉलोनियों में जनसभाओं तथा जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में माहौल बनाने का प्रयास किया। उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष पद के कांग्रेस प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह और विभिन्न वार्डों के कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों के पक्ष में लोगों से समर्थन और मतदान की अपील की।

शुक्रवार शाम विधायक बेहड़ ने वार्ड संख्या 14 स्थित नई सुनहरी टावर क्षेत्र, वार्ड संख्या 20 के गुरुद्वारा वार्ड तथा वार्ड संख्या 11 की उत्तरांचल कॉलोनी में आयोजित जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास करना है।
उन्होंने कहा कि नगर के विकास, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और प्रत्येक वार्ड की समस्याओं के समाधान के लिए जनप्रतिनिधियों और जनता के बीच मजबूत संवाद आवश्यक है। कांग्रेस स्थानीय मुद्दों को प्राथमिकता देकर विकास की दिशा में कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इसके बाद विधायक बेहड़ ने बंगाली कॉलोनी, वार्ड संख्या 3 और सिरौली कला क्षेत्र में भी जनसंपर्क कार्यक्रमों में भाग लिया। सिरौली कला में उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष पद की कांग्रेस प्रत्याशी रशीदा बेगम के समर्थन में लोगों से मुलाकात की और कांग्रेस प्रत्याशियों को विजयी बनाने की अपील की।
शनिवार सुबह उन्होंने बलवंत कॉलोनी, विकास कॉलोनी और चुटकी देवरिया क्षेत्र में घर-घर जाकर लोगों से संवाद किया। इस दौरान स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से उन्हें अवगत कराया, जिस पर विधायक ने समाधान के लिए प्रयास करने का आश्वासन दिया।
जनसंपर्क अभियान में नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, दर्शन कोहली, ओमप्रकाश दुआ, जीवन जोशी, अंग्रेज सिंह, सुनील ठाकुर, देवेंद्र मंड, मुर्तजा अंसारी, संतोष सिंह, कर्मजीत सिंह, नजाकत खान और विक्की खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं सिरौली कला में तस्लीम रजा, मोहम्मद ताहिर खान, अफसर कुरैशी, जायदा यार खान सहित कई स्थानीय नागरिक और कांग्रेस कार्यकर्ता कार्यक्रमों में शामिल हुए।
