देहरादून। हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के बाद हुए कथित शुद्धिकरण विवाद को लेकर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर कांग्रेस सोमवार को मुख्यमंत्री आवास कूच करेगी। पार्टी नेताओं का कहना है कि प्रदेशभर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता देहरादून पहुंचेंगे और सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करेंगे।

प्रदेश कांग्रेस चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष एवं चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री आवास कूच की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रविवार को आयोजित बैठक में उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी में हुई घटना केवल कांग्रेस का नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक सम्मान का मुद्दा है।
प्रीतम सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार संवेदनशील मामलों में निष्पक्ष कार्रवाई करने में विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार जनहित, सामाजिक न्याय और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष कर रही है और आगे भी जनता की आवाज बुलंद करती रहेगी। साथ ही उन्होंने शुद्धिकरण प्रकरण में शामिल लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की।
पूर्व विधायक राजकुमार ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि खरगे की सभा स्थल पर हुए शुद्धिकरण मामले में अब तक कोई सख्त कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार राजनीतिक मामलों में अलग-अलग मापदंड अपना रही है, जो लोकतंत्र के लिए उचित नहीं है।
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि संविधान और सामाजिक समरसता के खिलाफ किसी भी प्रकार की गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री आवास कूच में प्रदेश के विभिन्न जिलों से हजारों कार्यकर्ता भाग लेंगे और सरकार को जनता की नाराजगी का संदेश देंगे।
बैठक में प्रदेश महामंत्री वीरेंद्र पोखरियाल, राजीव पुंज, रमेश कुमार मंगू, देवेंद्र पाल सिंह, सुधीर सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
