नई दिल्ली: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए वरिष्ठ नेता कुँवर आसिम ख़ान को पार्टी का नया राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने यह जिम्मेदारी सौंपते हुए संगठन को और मजबूत करने की दिशा में अहम संदेश दिया है।

कुँवर आसिम ख़ान लंबे समय से लोक जनशक्ति पार्टी के साथ जुड़े रहे हैं और उन्हें पार्टी के संस्थापक स्वर्गीय रामविलास पासवान के करीबी सहयोगियों में माना जाता है। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत रामविलास पासवान के मार्गदर्शन में की थी और तब से लगातार संगठन को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।
संगठन में उनकी कार्यशैली और समर्पण को देखते हुए पार्टी ने समय-समय पर उन्हें कई महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे। उन्होंने राष्ट्रीय छात्र विंग के अध्यक्ष, राष्ट्रीय युवा मोर्चा के अध्यक्ष और राष्ट्रीय अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में सफलतापूर्वक जिम्मेदारियां निभाईं। इन पदों पर रहते हुए उन्होंने युवाओं, छात्रों और अल्पसंख्यक समुदायों के बीच पार्टी की पहुंच बढ़ाने के लिए व्यापक स्तर पर काम किया।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, कुँवर आसिम ख़ान ने संगठन के विस्तार, कार्यकर्ताओं को जोड़ने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनकी इसी प्रतिबद्धता और संगठनात्मक अनुभव को देखते हुए उन्हें अब राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जैसे अहम पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

उनकी नियुक्ति का पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने स्वागत किया है। कार्यकर्ताओं का मानना है कि आसिम ख़ान के नेतृत्व और अनुभव से लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को राष्ट्रीय स्तर पर नई ऊर्जा मिलेगी और संगठनात्मक ढांचा पहले से अधिक मजबूत होगा।
कुँवर आसिम ख़ान की यह नई जिम्मेदारी ऐसे समय में आई है, जब पार्टी देशभर में अपने संगठनात्मक विस्तार और राजनीतिक प्रभाव को बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रही है। ऐसे में उनकी नियुक्ति को पार्टी के लिए एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक कदम माना जा रहा है।
