नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (BJP) में संगठन स्तर पर बड़े बदलाव की तैयारी चल रही है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन सोमवार, 17 अगस्त को अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक, नई टीम में अनुभवी नेताओं को बनाए रखने के साथ-साथ कई युवा चेहरों को अहम जिम्मेदारियां दी जा सकती हैं।

जनवरी 2026 में बीजेपी के 16वें राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभालने वाले नितिन नबीन सोमवार दोपहर बाद नई टीम को लेकर घोषणा कर सकते हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, संगठन में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा सकता है। इसे युवा मतदाताओं और खासतौर पर Gen Z तक पार्टी की पहुंच मजबूत करने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
संगठन में बदलाव के बाद कैबिनेट फेरबदल के संकेत
बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम के गठन के साथ ही केंद्र सरकार के मंत्रिमंडल में भी बदलाव की अटकलें तेज हो गई हैं। सूत्रों के मुताबिक, कुछ वरिष्ठ नेताओं को केंद्रीय मंत्रिपरिषद से हटाकर संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी जा सकती हैं।
अगर ऐसा होता है तो संगठनात्मक फेरबदल के बाद मोदी सरकार के मंत्रिमंडल में भी बदलाव देखने को मिल सकता है। हालांकि, कैबिनेट फेरबदल को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
बीजेपी के संगठन में कौन-कौन से प्रमुख ढांचे?
बीजेपी के संगठनात्मक ढांचे में मार्गदर्शक मंडल के बाद संसदीय बोर्ड और केंद्रीय चुनाव समिति की अहम भूमिका होती है। संसदीय बोर्ड की अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करते हैं। इसमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों को शामिल किया जाता है।
इसके अलावा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और महासचिव भी पार्टी संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालते हैं। राष्ट्रीय स्तर पर इन पदों पर कई वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है।
नई टीम में युवा और अनुभवी नेताओं का संतुलन
नितिन नबीन की नई टीम को लेकर पार्टी के भीतर और राजनीतिक गलियारों में लगातार चर्चा है। माना जा रहा है कि नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में अनुभव और युवा नेतृत्व के बीच संतुलन बनाने की कोशिश होगी।
नई नियुक्तियों से न केवल बीजेपी के संगठनात्मक ढांचे में बदलाव के संकेत मिलेंगे, बल्कि पार्टी की आगामी राजनीतिक रणनीति और संगठन के रोडमैप की तस्वीर भी साफ हो सकती है।
