नानकमत्ता। श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में 10 दिवसीय संगीतमय श्रीमद् देवी भागवत महापुराण कथा के शुभारंभ के अवसर पर शुक्रवार को भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में 1601 महिलाओं ने हिस्सा लिया। श्रद्धालुओं के ‘बम-बम भोले’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से पूरा नगर भक्तिमय हो उठा।

विडौरा मझोला स्थित प्राचीन श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित कथा के शुभारंभ से पहले 1601 महिलाओं ने पवित्र गुरुद्वारा श्री दूध वाला कुआं से कलशों में पवित्र जल भरा। इसके बाद श्रीमद् देवी भागवत के सानिध्य में कलश शोभायात्रा निकाली गई।
तीन किलोमीटर लंबी रही कलश यात्रा
करीब तीन किलोमीटर लंबी शोभायात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते और नाचते हुए आगे बढ़े। यात्रा के दौरान श्रद्धालु मार्ग पर जल का छिड़काव करते हुए झाड़ू लगाकर रास्ता साफ करते हुए भी चल रहे थे।
शोभायात्रा का नगर में जगह-जगह लोगों ने स्वागत किया। श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी की गई। पूरे मार्ग में धार्मिक जयकारों और भक्ति गीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
मंदिर पहुंचने के बाद कलश में लाए गए पवित्र जल से भगवान शिव परिवार का रुद्राभिषेक किया गया। इसके साथ ही कथा आयोजन का विधिवत शुभारंभ हुआ।
10 दिनों तक होगी संगीतमय कथा
पंडित कृष्ण कुमार शर्मा ने बताया कि श्री वृंदावन धाम से पधारे कथावाचक कान्हा जी महाराज के मुखारविंद से 10 दिवसीय संगीतमय श्रीमद् देवी भागवत महापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक होगी।
उन्होंने बताया कि कथा के समापन अवसर पर 23 अगस्त को हवन के साथ विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में महंत सोमवार गिरी, विधायक गोपाल सिंह राणा, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, श्रीपाल राणा, भास्कर सम्भल, पवन सिंह राणा, धर्म सिंह राणा, शेर सिंह, अभिषेक राणा, नंदू सिंह राणा, कपिल सिंह, राजू राणा समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
