नई दिल्ली: उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी चुनावी तैयारियों को निर्णायक चरण में पहुंचा दिया है। इसी क्रम में बुधवार को नई दिल्ली में भाजपा की कोर कमेटी की अहम बैठक होने जा रही है। इस बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी आगामी चुनाव की रणनीति पर मंथन करेंगे।

बैठक में चुनावी रोडमैप, संगठन की मजबूती और बूथ स्तर तक पार्टी की पहुंच बढ़ाने पर विशेष चर्चा होगी। पार्टी नेतृत्व का लक्ष्य हर विधानसभा क्षेत्र में संगठन को और अधिक सक्रिय बनाना तथा चुनावी अभियान को समय से पहले गति देना है।
कोर कमेटी की बैठक के बाद संगठनात्मक बैठक भी आयोजित की जाएगी। इसमें विस्तारक योजना को अंतिम रूप देने के साथ-साथ कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपने पर विचार होगा। भाजपा इस योजना के जरिए बूथ समितियों को मजबूत करने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने और सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने की रणनीति पर काम करेगी।
इसके अलावा पार्टी जनप्रतिनिधियों का सम्मेलन भी आयोजित करने जा रही है। उत्तराखंड की पांचों लोकसभा सीटों के सांसद अपने-अपने संसदीय क्षेत्रों के विधायकों के साथ बैठक करेंगे, जिसमें चुनावी तैयारियों, संगठनात्मक गतिविधियों और क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
युवा मतदाताओं को साधने के लिए भाजपा का ‘युवा संवाद’ अभियान भी लगातार जारी है। पार्टी प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं से सीधा संवाद स्थापित कर रही है। इसके माध्यम से पहली बार मतदान करने वाले युवाओं को पार्टी की नीतियों और विकास कार्यों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि दिल्ली में होने वाली यह बैठक उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की दिशा तय करने वाली बैठकों में से एक हो सकती है। आने वाले दिनों में भाजपा संगठन और सरकार, दोनों स्तरों पर चुनावी गतिविधियों को और तेज करने की तैयारी में है।