रामनगर: उत्तराखंड के लोगों का लंबे समय से इंतजार आखिरकार खत्म हो गया। शनिवार को रामनगर-देहरादून सीधी ट्रेन सेवा का विधिवत शुभारंभ किया गया। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिल्ली से और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। वहीं रामनगर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में पौड़ी सांसद अनिल बलूनी, हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत और रामनगर विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने भी उद्घाटन समारोह में हिस्सा लिया।

उद्घाटन के मौके पर रेलवे स्टेशन और ट्रेन को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। नई रेल सेवा शुरू होने से यात्रियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कुमाऊं और गढ़वाल के बीच मजबूत होगी कनेक्टिविटी
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि रामनगर-देहरादून ट्रेन कुमाऊं और गढ़वाल के बीच बेहतर संपर्क स्थापित करेगी। इससे दोनों मंडलों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और यात्रा का समय भी कम होगा।
उन्होंने बताया कि फिलहाल मुरादाबाद रेलखंड पर निर्माण कार्य चल रहा है। इसी कारण यह ट्रेन अभी सप्ताह में दो दिन संचालित की जाएगी। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद इसे प्रतिदिन चलाने का प्रयास किया जाएगा।
रेल मंत्री ने इस दौरान उत्तराखंड में चल रही अन्य रेलवे परियोजनाओं का भी जिक्र करते हुए कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना राज्य के विकास और पर्यटन को नई गति देगी।
CM धामी बोले- रेलवे विकास को मिली नई रफ्तार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि नई ट्रेन सेवा उत्तराखंड के कुमाऊं और गढ़वाल क्षेत्रों को आपस में जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य में रेलवे नेटवर्क का लगातार विस्तार हो रहा है और यात्री सुरक्षा, आधुनिक सुविधाओं, गति और क्षमता बढ़ाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
अनिल बलूनी ने बताया विकास की दिशा में अहम कदम
पौड़ी सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि इस रेल सेवा से पौड़ी, रामनगर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में आधारभूत ढांचे का तेजी से विकास हो रहा है और नई रेल सेवाएं राज्य की कनेक्टिविटी को और मजबूत करेंगी।
फिलहाल सप्ताह में दो दिन चलेगी ट्रेन
रेलवे के अनुसार, रामनगर-देहरादून ट्रेन फिलहाल हर बुधवार और शुक्रवार को संचालित होगी। मुरादाबाद रेलखंड पर निर्माण कार्य पूरा होने के बाद इसके दैनिक संचालन पर निर्णय लिया जाएगा।
