हल्द्वानी: नैनीताल पुलिस ने जिले में लगातार हो रही चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए दो कुख्यात हिस्ट्रीशीटर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों ने लालकुआं, मुखानी और काठगोदाम थाना क्षेत्रों में हुई सात चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता कबूल की है। पुलिस ने उनके कब्जे से 2 लाख 28 हजार 200 रुपये नकद, चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और चोरी के पैसों से खरीदा गया मोबाइल फोन बरामद किया है।

पिछले दो महीनों के दौरान लालकुआं और आसपास के इलाकों में बंद दुकानों के ताले तोड़कर नकदी चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया। पुलिस ने सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए दोनों आरोपियों तक पहुंच बनाई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रमोद कुमार आर्या उर्फ पिद्दा और राजू बहादुर के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने लालकुआं में चार, मुखानी में दो और काठगोदाम में एक चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी प्रमोद कुमार आर्या देर रात बंद दुकानों के ताले तोड़कर भीतर घुसता था और गल्ले में रखी नकदी लेकर फरार हो जाता था। वहीं उसका साथी राजू बहादुर आसपास निगरानी करता था ताकि किसी के आने पर तुरंत सतर्क किया जा सके। चोरी से मिली रकम दोनों आरोपी नशे और अन्य निजी खर्चों में उड़ा देते थे।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 2.28 लाख रुपये से अधिक की नकदी, चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और करीब 16 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन बरामद किया, जिसे चोरी की रकम से खरीदा गया था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मुख्य आरोपी प्रमोद कुमार आर्या के खिलाफ चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत 32 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं उसके साथी राजू बहादुर पर भी 13 आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों लंबे समय से पुलिस के रिकॉर्ड में हिस्ट्रीशीटर अपराधी के रूप में दर्ज हैं।
एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि तीन थाना क्षेत्रों में हुई सात चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इनका अन्य जिलों में हुई चोरी की घटनाओं से कोई संबंध तो नहीं है।
