देहरादून: राजधानी देहरादून के पटेलनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा सामने आया, जहां बेकाबू सिटी बस ने फुटपाथ पर बैठे पांच मजदूरों को कुचल दिया। हादसे में एक युवक की मौके के पास ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना लालपुल के पास की है, जहां आईएसबीटी से घंटाघर की ओर जा रही सिटी बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से उतरकर फुटपाथ पर जा चढ़ी। इस दौरान वहां काम का इंतजार कर रहे मजदूर बस की चपेट में आ गए।
हादसे में 22 वर्षीय युवक की जान चली गई, जबकि संजीत, रतन, मानसिंह, आहद और सुखराज घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तुरंत इंद्रेश अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मजदूर रोज की तरह काम के इंतजार में फुटपाथ पर बैठे थे, तभी तेज रफ्तार बस अचानक उनकी ओर मुड़ी और उन्हें कुचलते हुए होटल के गेट तक जा पहुंची। गनीमत रही कि बस वहीं रुक गई, वरना हादसा और भी बड़ा हो सकता था।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस चालक अर्जुन गुरुंग को अचानक मिर्गी का दौरा पड़ा, जिसके चलते वह वाहन से नियंत्रण खो बैठा। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और बस को भी कब्जे में ले लिया गया है। चालक का भी इलाज कराया जा रहा है।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया। बताया जा रहा है कि एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंच पाई, जिसके चलते स्थानीय लोगों ने घायलों को ई-रिक्शा और ऑटो के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। हादसे के कारण क्षेत्र में काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा।

एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया चालक को दौरा पड़ने की बात सामने आई है। दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
