देहरादून: राज्य में बढ़ते अग्निकांड के खतरे को देखते हुए मुख्य सचिव आनंदबर्द्धन ने सभी सरकारी और निजी भवनों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी सचिवों और जिलाधिकारियों को उच्च जोखिम वाले भवनों की पहचान कर विशेष सर्वेक्षण कराने के लिए कहा है।

मुख्य सचिव ने निर्देश दिए हैं कि ऊंची इमारतों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, तंग गलियों में स्थित भवनों और ऐसे परिसरों पर विशेष ध्यान दिया जाए, जहां सुरक्षित निकासी मार्ग उपलब्ध नहीं हैं। इन सभी स्थानों का प्राथमिकता के आधार पर निरीक्षण किया जाएगा।
जिलाधिकारियों को अपने-अपने जनपद में संवेदनशील भवनों और क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य संभावित अग्निकांड की घटनाओं को रोकना और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
इसके साथ ही मुख्य सचिव ने सभी विभागों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में व्यापक फायर सेफ्टी ऑडिट कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सर्वेक्षण और ऑडिट के दौरान जहां भी कमियां सामने आएं, वहां तत्काल प्रभाव से अग्नि सुरक्षा मानकों को लागू किया जाए।
अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया है कि सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि समय रहते प्रभावी कदम उठाकर आग जैसी घटनाओं से होने वाली जनहानि और आर्थिक नुकसान को रोका जा सकता है।
