रुद्रपुर: रुद्रपुर में एक निजी स्कूल को अचानक बंद करने के फैसले ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। महज एक ईमेल के जरिए स्कूल बंद करने की सूचना मिलने के बाद सैकड़ों अभिभावक भड़क उठे और स्कूल परिसर में जोरदार हंगामा किया।

जानकारी के अनुसार, 18 जून को छात्रों की आधिकारिक ईमेल आईडी पर स्कूल बंद करने का संदेश भेजा गया। इस फैसले से करीब 360 छात्रों का भविष्य अधर में लटक गया है। अभिभावकों का आरोप है कि बिना किसी पूर्व सूचना के सत्र के बीच लिया गया यह निर्णय पूरी तरह गैर-जिम्मेदाराना है।
गुस्साए अभिभावक बड़ी संख्या में स्कूल पहुंचे और प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। उनका कहना है कि उन्होंने बच्चों की पढ़ाई के लिए भारी फीस जमा की है, लेकिन अब अचानक स्कूल बंद होने से उन्हें नए स्कूलों में दाखिले और पढ़ाई जारी रखने को लेकर भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
मामला उस वक्त और बिगड़ गया जब स्कूल प्रबंधन ने परिसर में बाउंसर तैनात कर दिए। इससे अभिभावकों का आक्रोश और बढ़ गया। प्रदर्शनकारियों ने इसे दबाव बनाने की कोशिश बताते हुए बाउंसरों को बाहर खदेड़ दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया। अभिभावकों ने मांग उठाई कि यदि स्कूल भवन असुरक्षित है, तो बच्चों के लिए ऑनलाइन कक्षाओं की व्यवस्था तुरंत शुरू की जाए।
वहीं, स्कूल प्रबंधन की प्रतिनिधि चित्रा शर्मा का कहना है कि तकनीकी जांच में भवन को असुरक्षित पाया गया है। छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूल बंद करने का निर्णय लिया गया है। साथ ही अन्य स्कूलों में छात्रों के एडजस्टमेंट की प्रक्रिया जारी है, ताकि उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो।
