रुद्रपुर। नैनीताल हाईवे के व्यस्त परशुराम चौक पर हाल ही में हुए दर्दनाक हादसे के बाद प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। पैदल यात्रियों की बढ़ती परेशानी और सुरक्षा को लेकर उठे सवालों के बीच महापौर विकास शर्मा ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और तत्काल राहत के निर्देश जारी किए।

सोमवार को नगर निगम टीम, व्यापार मंडल और ब्राह्मण महासभा के पदाधिकारियों के साथ निरीक्षण करते हुए महापौर ने साफ किया कि फुट ओवरब्रिज बनने तक पैदल यात्रियों के लिए वैकल्पिक और सुरक्षित व्यवस्था लागू की जाएगी। इसके तहत बंद किए गए कट को सीमित रूप में खोला जाएगा और दोनों ओर जेब्रा क्रॉसिंग बनाई जाएगी।
गौरतलब है कि ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से परशुराम चौक का कट बंद किया गया था, लेकिन इसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा था। स्कूली बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग और व्यापारी तेज रफ्तार वाहनों के बीच जान जोखिम में डालकर हाईवे पार करने को मजबूर थे।
स्थिति की गंभीरता तब और बढ़ गई जब कुछ दिन पहले एक महिला की जेसीबी की चपेट में आकर मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना ने प्रशासन की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए थे।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि लोगों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि कट को यू-शेप में विकसित किया जाए, ताकि इसका इस्तेमाल केवल पैदल यात्री ही कर सकें और किसी भी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहे।

उन्होंने यह भी बताया कि यह केवल अस्थायी समाधान है। स्थायी व्यवस्था के तहत परशुराम चौक और सिंचाई विभाग कार्यालय के पास फुट ओवरब्रिज निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस संबंध में एनएचएआई के अधिकारियों से बातचीत हो चुकी है और परियोजना को लेकर सकारात्मक संकेत मिले हैं।
महापौर ने कहा कि रुद्रपुर जैसे तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक शहर में ट्रैफिक का दबाव लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में विकास के साथ-साथ नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि फुट ओवरब्रिज बनने के बाद स्कूली बच्चों, श्रमिकों और आम नागरिकों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही भविष्य में भी शहर में जहां जरूरत होगी, वहां इसी तरह त्वरित निर्णय लिए जाएंगे।
निरीक्षण के दौरान भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष सुनील ठुकराल, देवभूमि व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष गुरमीत सिंह, ब्राह्मण महासभा अध्यक्ष मुकेश वशिष्ठ समेत कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।
