लखनऊ। राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में सोमवार दोपहर एक भीषण आग ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। तीसरी मंजिल पर स्थित गेमिंग जोन और सॉफ्टवेयर ऑफिस में लगी आग में अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।

आग लगते ही इमारत में अफरातफरी मच गई। अंदर मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। जब बाहर निकलने का रास्ता नहीं मिला, तो कुछ लोगों ने बिजली के तारों का सहारा लेकर नीचे कूदकर अपनी जान बचाई। इस दौरान कई लोग घायल हो गए, जिनमें एक युवती भी शामिल है।
30 से ज्यादा लोग थे मौजूद
बताया जा रहा है कि घटना के समय ऑफिस में 30 से अधिक लोग काम कर रहे थे। आग तीसरी मंजिल से शुरू हुई और कुछ ही देर में पूरे फ्लोर को अपनी चपेट में ले लिया।
दमकल पहुंचने में देरी, बढ़ा नुकसान
स्थानीय लोगों के मुताबिक, आग लगने के बाद करीब आधे घंटे तक फायर ब्रिगेड मौके पर नहीं पहुंच सकी, जिससे आग और ज्यादा फैल गई। बाद में पहुंची दमकल की कई गाड़ियां घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने में जुटी रहीं। चार घंटे बाद भी इमारत से धुआं निकलता रहा।
कई लोगों के फंसे होने की आशंका
प्रशासन को आशंका है कि अभी भी कुछ लोग इमारत के अंदर फंसे हो सकते हैं। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
सीएम योगी ने दिए सख्त निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने और राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के आदेश दिए गए हैं।
जांच शुरू, नियमों पर उठे सवाल
लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह देखा जा रहा है कि इमारत में व्यावसायिक गतिविधियों की अनुमति थी या नहीं और आग लगने का कारण क्या रहा। साथ ही नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।
यह हादसा एक बार फिर शहरी इमारतों में सुरक्षा मानकों और आपातकालीन व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
