किच्छा: इंदिरा गांधी खेल मैदान में चल रहे प्रथम क्रिकेट नाइट टूर्नामेंट के दूसरे दिन खेल का रोमांच और युवाओं का उत्साह देखने लायक रहा। कार्यक्रम में पूर्व विधायक राजेश शुक्ला मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे, जहां खिलाड़ियों और आयोजकों ने उनका जोरदार स्वागत किया।

शहीद ऊधम सिंह स्पोर्ट्स एकेडमी के तत्वावधान में आयोजित इस टूर्नामेंट ने शहर के युवाओं में खासा जोश भर दिया है। बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ी इसमें भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं, जिससे क्षेत्र में खेल गतिविधियों को नई गति मिल रही है।
अपने संबोधन में राजेश शुक्ला ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ उन्हें अनुशासन और टीम भावना का पाठ भी सिखाती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन लगातार होते रहने चाहिए, ताकि युवाओं को बेहतर मंच मिल सके और उनकी प्रतिभा निखर सके।
इस अवसर पर आयोजकों ने पूर्व विधायक को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। उन्होंने टूर्नामेंट के सफल संचालन के लिए पूरी टीम को बधाई दी और खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
