किच्छा, उधम सिंह नगर: विकासखंड रुद्रपुर के अंतर्गत ग्राम आनंदपुर कटिंग में मुख्य मार्ग से नदी की पुलिया तक निर्मित 130 मीटर लंबी सीसी सड़क का लोकार्पण पूर्व विधायक राजेश शुक्ला और ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। लंबे समय से खराब पड़ी इस सड़क के निर्माण से क्षेत्रीय जनता को बड़ी राहत मिली है।

लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि आनंदपुर कटिंग को ग्राम इंदरपुर से जोड़ने वाला यह मार्ग लंबे समय से जर्जर अवस्था में था, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। स्थानीय लोगों की लगातार मांग और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए उन्होंने सड़क निर्माण को प्राथमिकता दिलाई।
उन्होंने बताया कि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि जितेंद्र गौतम को समय रहते निर्माण कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम ने स्थल निरीक्षण कर बजट स्वीकृत किया और निर्धारित समय में सड़क निर्माण कार्य पूरा कर जनता को समर्पित कर दिया गया।
राजेश शुक्ला ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हो रहे हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो रहा है।
ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए विकासखंड स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के साथ-साथ जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य पूर्ण होने पर खुशी जाहिर करते हुए जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। उनका कहना था कि इस सड़क से आवागमन आसान होगा और बरसात के मौसम में होने वाली समस्याओं से भी निजात मिलेगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान संघ अध्यक्ष वीरेंद्र यादव ने की। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष राजेश तिवारी, मंडल महामंत्री जितेंद्र गौतम, समाजसेवी राजकुमार पांडे समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।
