किच्छा: नालंदा स्कूल, किच्छा में संचालित ऋषि मार्शल आर्ट एकेडमी के खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय वोविनाम चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि पर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने अपने आवास पर खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया।

रुद्रपुर के मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित इस प्रतियोगिता में एकेडमी के खिलाड़ियों ने कुल 11 पदक अपने नाम किए, जिनमें 1 स्वर्ण, 3 रजत और 7 कांस्य पदक शामिल हैं।
सम्मान समारोह के दौरान राजेश शुक्ला ने खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि वोविनाम केवल आत्मरक्षा का माध्यम नहीं, बल्कि यह अनुशासन, आत्मविश्वास और मानसिक मजबूती को विकसित करने वाली महत्वपूर्ण विधा है। उन्होंने कहा कि ऐसे खेल युवाओं को सही दिशा देने का कार्य करते हैं और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।
उन्होंने ऋषि मार्शल आर्ट एकेडमी के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि संस्था क्षेत्र के युवाओं को खेलों से जोड़ने का सराहनीय कार्य कर रही है। साथ ही उन्होंने समाज और संस्थाओं से खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने की अपील भी की।
एकेडमी के कोच रुनू शर्मा ने बताया कि 2024 में स्थापित इस एकेडमी ने कम समय में ही राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है, जो खिलाड़ियों की मेहनत और समर्पण का परिणाम है।
कार्यक्रम में वोविनाम एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष सिहान ऋषिपाल भारती, महासचिव विनोद लखेरा और कोषाध्यक्ष किशोर सिंह डांगी सहित कई गणमान्य लोगों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
इस मौके पर मनीष तिवारी, योगेंद्र यादव, मनोज यादव, बहादुर सिंह, मनीष पांडेय, अजय यादव, संतोष कुमार, प्रियंका, बेला समेत अनेक लोग मौजूद रहे।
