हल्द्वानी में मीडिया जगत के लिए एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुमाऊं मीडिया सेंटर भवन का शिलान्यास किया। करीब 6 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से बनने वाला यह आधुनिक केंद्र क्षेत्र के पत्रकारों के लिए सुविधाओं से लैस एक प्रमुख संस्थान के रूप में विकसित किया जाएगा।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मीडिया सेंटर पत्रकारों के लिए केवल एक भवन नहीं, बल्कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को सशक्त बनाने वाला एक अहम मंच होगा। उन्होंने बताया कि अब तक कुमाऊं मंडल के पत्रकारों को विभिन्न कार्यों के लिए देहरादून का रुख करना पड़ता था, लेकिन अब अधिकतर कार्य हल्द्वानी में ही पूरे हो सकेंगे।
प्रस्तावित मीडिया सेंटर में अत्याधुनिक प्रेस कॉन्फ्रेंस हॉल, हाई-स्पीड इंटरनेट, डिजिटल स्टूडियो, लाइब्रेरी, कैंटीन और गेस्ट रूम जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे खासकर दूरदराज से आने वाले पत्रकारों को कार्य और ठहरने में काफी सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि समाचार पत्रों से जुड़े निरीक्षण कार्यों को भी इसी केंद्र से संचालित किया जाएगा, जिससे कार्यप्रणाली में पारदर्शिता आएगी और पत्रकारों का समय बचेगा।
पत्रकारों के हित में राज्य सरकार द्वारा उठाए गए कदमों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि पत्रकार कल्याण कोष को बढ़ाकर 5 करोड़ रुपये कर दिया गया है। साथ ही अधिस्वीकृत पत्रकारों और उनके आश्रितों को 5 लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य बीमा सुविधा दी जा रही है। 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ पत्रकारों को हर महीने 8 हजार रुपये पेंशन भी प्रदान की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से सकारात्मक और जिम्मेदार पत्रकारिता को बढ़ावा देने की अपील करते हुए कहा कि उनकी लेखनी समाज और लोकतंत्र को दिशा देने की सबसे बड़ी शक्ति है।
इस कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक सरिता आर्या, मेयर गजराज सिंह बिष्ट सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।
