देहरादून स्थित दून मेडिकल कॉलेज की मेस में खाद्य गुणवत्ता को लेकर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। बुधवार रात परोसी गई सब्जी में कीड़े मिलने से छात्रों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने मेस प्रबंधन के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।

मिली जानकारी के अनुसार, डिनर के दौरान मेस में सफेद मटर की सब्जी परोसी गई थी। शुरुआत में छात्रों को सब्जी में मौजूद काले कीड़े जीरा लगे, जिसके चलते कई छात्रों ने बिना संदेह भोजन कर लिया। बाद में जब कुछ छात्रों ने ध्यान से देखा तो सब्जी में कीड़ों की पुष्टि हुई, जिसके बाद पूरे मेस में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि करीब 20 छात्र इस भोजन को खा चुके थे। सच्चाई सामने आने के बाद कुछ छात्रों को उल्टी और असहजता की शिकायत हुई, हालांकि किसी की हालत गंभीर नहीं बताई गई है। एहतियात के तौर पर कॉलेज प्रशासन ने सभी प्रभावित छात्रों की निगरानी शुरू कर दी है।
घटना के बाद बड़ी संख्या में छात्र मेस में एकत्र हो गए और प्रबंधन के खिलाफ हंगामा किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मेस संचालक ने तुरंत दोबारा भोजन तैयार कराया और नई सब्जी परोसी गई, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
हालांकि, मामला यहीं नहीं रुका। शुक्रवार को मेस में भोजन की व्यवस्था पूरी तरह ठप रही। सुबह नाश्ते के समय मेस बंद मिला, जिससे छात्रों को बाहर जाकर खाना खाने के लिए मजबूर होना पड़ा। इससे छात्रों में नाराजगी और बढ़ गई।
इस पूरे प्रकरण पर कॉलेज प्रशासन की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी। प्राचार्य डॉ. गीता जैन से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो पाई।
वहीं, चिकित्सा शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं। विभाग के निदेशक डॉ. अजय आर्य ने कहा कि इस तरह की लापरवाही छात्रों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने मेडिकल कॉलेज की मेस व्यवस्था, स्वच्छता और निगरानी प्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। छात्रों ने मेस की गुणवत्ता सुधारने और नियमित निरीक्षण की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
