ऋषिकेश। उत्तराखंड के योगनगरी रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को शंटिंग के दौरान एक बड़ा रेल हादसा हो गया। उज्जैनी एक्सप्रेस वॉशिंग लाइन में ले जाते समय अचानक नियंत्रण से बाहर हो गई और एंड पॉइंट पर लगे बफर स्टॉप से टकरा गई। हादसे में इंजन के पीछे के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, उज्जैनी एक्सप्रेस निर्धारित समय पर शाम को स्टेशन पहुंची थी और अगले दिन सुबह उज्जैन के लिए रवाना होनी थी। इसी बीच ट्रेन को वॉशिंग लाइन में शंट किया जा रहा था, तभी यह अचानक तेज रफ्तार से आगे बढ़ गई और हादसा हो गया।
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के खांड गांव सहित अन्य क्षेत्रों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रेन अचानक रफ्तार पकड़ते हुए आगे बढ़ी और कुछ दूरी पर पटरी से उतरकर डिब्बे दीवार से टकरा गए।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थिति को नियंत्रित किया। कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट के अनुसार, इस हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। राहत की बात यह रही कि घटना के समय ट्रेन में कोई यात्री मौजूद नहीं था।
प्रारंभिक जांच में तकनीकी खामी या मानवीय लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, रेलवे अधिकारियों ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारण स्पष्ट होंगे। फिलहाल तकनीकी टीम द्वारा जांच जारी है और क्षतिग्रस्त डिब्बों व ट्रैक की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है।
रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस घटना से योगनगरी-रायवाला मुख्य रेलमार्ग प्रभावित नहीं हुआ है और रेल यातायात सामान्य रूप से संचालित हो रहा है।
