रुद्रपुर नगर निगम के महापौर विकास शर्मा ने वार्ड संख्या 33 स्थित सिंह कॉलोनी में विकास कार्यों को नई गति देते हुए ₹26 लाख की लागत से बनने वाली सीसी सड़क एवं नाली निर्माण परियोजना का विधिवत शिलान्यास किया। यह कार्य हीरा बल्लभ पाण्डेय के आवास से लेकर गली नंबर 3 तक कराया जाएगा। साथ ही स्वर्गीय हरिराज सिंह चौहान स्मृति द्वार की भी आधारशिला रखी गई।

इस अवसर पर महापौर ने कहा कि शहर के सभी वार्डों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र में जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी और नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा प्राप्त होगी।

कार्यक्रम में भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौहान, पार्षद सुशील चौहान, मंडल अध्यक्ष सुनील ठुकराल, महामंत्री जितेंद्र संधू, जिला मीडिया प्रभारी विजय तोमर, भाजयुमो जिला अध्यक्ष बिट्टू चौहान सहित अनेक जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

स्थानीय लोगों ने विकास कार्यों की शुरुआत पर प्रसन्नता जताते हुए महापौर विकास शर्मा का आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि क्षेत्र में इसी प्रकार विकास कार्य आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।
