देहरादून। उत्तराखंड एसटीएफ ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए राजस्थान में दर्ज लूट और अपहरण के मामले में वांछित 20 हजार रुपये के इनामी अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी बीते 12 वर्षों से फरार था और देहरादून में अपनी पहचान छिपाकर सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्य कर रहा था।

एसटीएफ के एसएसपी अजय सिंह के अनुसार, बाहरी राज्यों के फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी अभियान के तहत सूचना मिली कि राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में वांछित आरोपी देहरादून में रह रहा है।
सूचना की पुष्टि के बाद एसटीएफ टीम ने कैंट थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए आरोपी देवेश मोर्या को दबोच लिया। आरोपी पर राजस्थान पुलिस द्वारा 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
जांच में यह भी सामने आया कि वर्ष 2014 में आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर एलआईसी एजेंट बनकर एक व्यक्ति को झांसे में लिया। बाद में रिवॉल्वर के बल पर उसका अपहरण कर उसकी कार और नकदी लूट ली गई थी।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे राजस्थान पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। एसटीएफ की इस कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।