देहरादून। उत्तराखंड में साइबर अपराधियों का जाल लगातार फैलता जा रहा है। ताजा मामले में देहरादून के अजबपुर खुर्द निवासी एक व्यक्ति को शेयर बाजार में भारी मुनाफे का लालच देकर 34 लाख 75 हजार रुपये की ठगी कर ली गई। ठगों ने खुद को Standard Chartered Securities India Limited की टीम से जुड़ा बताकर फर्जी दस्तावेजों के सहारे विश्वास हासिल किया।

सोशल मीडिया से शुरू हुआ फ्रॉड
पीड़ित राजाराम भट्ट ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में दर्ज शिकायत में बताया कि 7 दिसंबर 2025 को उन्हें फेसबुक पर ट्रेडिंग से संबंधित एक विज्ञापन दिखाई दिया। लिंक पर क्लिक करते ही उन्हें एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ लिया गया।
ग्रुप की एडमिन यालिनी गुहा ने स्वयं को कंपनी की प्रतिनिधि बताते हुए कथित सेबी रजिस्ट्रेशन नंबर साझा किया। इसके बाद उन्हें एक विशेष ग्रुप में शामिल किया गया, जहां गौरव दुआ नामक व्यक्ति खुद को प्रोफेसर बताकर स्टॉक्स और आईपीओ में निवेश की सलाह देता था।
मुनाफे के झांसे में ट्रांसफर कराए लाखों
ग्रुप के अन्य सदस्य नियमित रूप से मुनाफे के स्क्रीनशॉट साझा कर रहे थे, जिससे भरोसे का माहौल बनाया गया। निवेश सीमा और नियामकीय शर्तों का हवाला देकर पीड़ित से कुल 34.75 लाख रुपये अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लिए गए।
रकम गाजियाबाद, पुणे, सिकंदराबाद और विजयवाड़ा स्थित विभिन्न फर्मों के खातों में जमा कराई गई।
निकासी पर मांगी अतिरिक्त रकम
6 फरवरी 2026 को जब पीड़ित ने 40 लाख रुपये निकालने का अनुरोध किया तो ट्रांजेक्शन निरस्त कर दिया गया। इसके बाद ठगों ने सर्विस फीस के नाम पर 10.93 लाख रुपये और जमा करने की मांग की।
अतिरिक्त भुगतान से इनकार करने पर पीड़ित को ग्रुप से ब्लॉक कर दिया गया, जिसके बाद ठगी का खुलासा हुआ।
पुलिस ने शुरू की जांच
साइबर क्राइम कंट्रोल के अधिकारियों ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जिन खातों में धनराशि ट्रांसफर की गई, उनकी जांच की जा रही है।
एसएसपी एसटीएफ Ajay Singh ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे ऑनलाइन निवेश के नाम पर दिए जा रहे लुभावने प्रस्तावों से सावधान रहें।
इन्वेस्टमेंट स्कैम से बचने के लिए सावधानियां
-
कम समय में अधिक रिटर्न का वादा करने वाले ऑफर पर भरोसा न करें
-
सोशल मीडिया या मैसेजिंग ऐप पर बने निवेश ग्रुप से दूरी रखें
-
किसी भी निवेश से पहले कंपनी और रजिस्ट्रेशन की आधिकारिक पुष्टि करें
-
अंजान खातों में रकम ट्रांसफर करने से बचें
-
संदेह की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन या साइबर क्राइम पुलिस से संपर्क करें
