रामनगर। नैनीताल जनपद के रामनगर क्षेत्र में स्कूल से घर लौट रहे चार नाबालिग छात्राओं और एक छात्र को एक अधेड़ व्यक्ति द्वारा बहलाकर साथ ले जाने की कोशिश का मामला प्रकाश में आया है। विरोध करने पर एक छात्रा से छेड़छाड़ और पकड़ने का प्रयास किए जाने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार को छुट्टी के बाद बच्चे अपने घरों की ओर जा रहे थे। रास्ते में एक व्यक्ति ने उन्हें रोककर कहा कि वह उनके परिजनों की ओर से आया है और उन्हें उसके साथ चलना है। बच्चों को उसकी बातों पर संदेह हुआ। आरोप है कि एक छात्रा के विरोध करने पर आरोपी ने अभद्रता की और जबरन पकड़ने की कोशिश की, जिससे छात्रा को हल्की चोट आई। छात्रा किसी तरह मौके से निकलकर घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी।
परिजनों और स्थानीय लोगों ने दबोचा
पीड़ित बच्ची के पिता ने कोतवाली में तहरीर दी। परिजनों ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसे बालाजी मंदिर के पास स्थित एक पार्क में देखा, जहां अन्य बच्चे भी मौजूद थे। स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश और चिंता का माहौल है। अभिभावकों ने स्कूलों के आसपास पुलिस गश्त बढ़ाने और बच्चों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त इंतजाम करने की मांग की है।
पुलिस का बयान
क्षेत्राधिकारी सुमित पांडे ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने अभिभावकों से बच्चों को अजनबियों से सावधान रहने की सलाह देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल देने की अपील की है।
