खटीमा दौरे पर सीएम धामी: वनखंडी महादेव में जलाभिषेक, मंदिर विकास और वकीलों के लिए नए चैंबर की घोषणा
खटीमा। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर पुष्कर सिंह धामी ने अपने गृह क्षेत्र खटीमा के चकरपुर स्थित प्राचीन वनखंडी महादेव मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर जलाभिषेक किया। उन्होंने भगवान शिव से प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की तथा श्रद्धालुओं को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में दुग्धाभिषेक भी किया। पूजा के उपरांत मंदिर समिति ने उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं से मुलाकात कर पर्व की बधाई दी।
सीएम धामी ने कहा कि वनखंडी महादेव मंदिर ऐतिहासिक और धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। मंदिर को भव्य एवं दिव्य स्वरूप देने के लिए योजनाबद्ध विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आने वाले समय में इसे प्रमुख धार्मिक स्थल के रूप में स्थापित करने और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उनकी इस मंदिर में गहरी आस्था है और वे हर वर्ष महाशिवरात्रि पर यहां दर्शन के लिए आते हैं।
कर्पूरगौरं करुणावतारं संसारसारं भुजगेन्द्रहारम्।
सदा बसन्तं हृदयारविन्दे भवं भवानी सहितं नमामि।।
भगवान शिव की उपासना को समर्पित महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर वनखंडी महादेव मंदिर चकरपुर (खटीमा) में देवाधिदेव महादेव के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ।
इस अवसर पर सम्पूर्ण विधि-विधान… pic.twitter.com/JhGpkanq1j— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) February 15, 2026
बताया गया कि सीमांत क्षेत्र के सबसे लंबे समय तक चलने वाले मेले का शुभारंभ भी इसी अवसर पर किया जाता है। मुख्यमंत्री के प्रयासों से मंदिर के विकास और सौंदर्यीकरण पर करोड़ों रुपये की लागत से कार्य जारी है।
Live: सिविल कोर्ट परिसर, खटीमा में अधिवक्ताओं हेतु निर्मित चैंबर्स का उद्घाटन कार्यक्रम https://t.co/E8gz9z4uoZ
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) February 15, 2026
सिविल न्यायालय में चैंबर का लोकार्पण
खटीमा प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने सिविल न्यायालय पहुंचकर अधिवक्ताओं के लिए लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नए चैंबर का लोकार्पण किया। खटीमा बार एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए अतिरिक्त चैंबर निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपये की मांग रखी। मुख्यमंत्री ने चरणबद्ध तरीके से अन्य चैंबर निर्माण कराने का आश्वासन दिया।
