रुद्रपुर: कांवड़ यात्रा और महाशिवरात्रि पर्व के मद्देनजर उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर और काशीपुर नगर निगम ने 15 फरवरी तक मांस की बिक्री पर पूर्ण रोक लगाने का आदेश जारी किया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का पालन न करने वालों के खिलाफ जुर्माना समेत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, महाशिवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए मंदिरों में पहुंचते हैं। वहीं कांवड़ यात्रा के चलते शिवभक्त हरिद्वार से गंगाजल लेकर विभिन्न शिवालयों की ओर प्रस्थान करते हैं। श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं के सम्मान और शहर में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।
आदेश के तहत निगम क्षेत्र में कच्चे और पके दोनों प्रकार के मांस की बिक्री प्रतिबंधित रहेगी। मीट की दुकानों के अलावा होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट में मांसाहारी व्यंजन परोसने पर भी रोक रहेगी। नगर आयुक्त शिप्रा जोशी ने पुलिस विभाग, खाद्य सुरक्षा विभाग और नगर स्वास्थ्य अधिकारियों को सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
नगर निगम की टीमें नियमित रूप से निरीक्षण करेंगी, ताकि आदेश का प्रभावी क्रियान्वयन हो सके। प्रशासन ने व्यापारियों और नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि धार्मिक अवसर की गरिमा बनाए रखने में सभी सहभागिता करें।
