हरिद्वार के सिडकुल थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पूर्व विधायक सुरेश राठौर के होटल के मैनेजर पर करीब तीन लाख रुपये और एक सोने की अंगूठी लेकर फरार होने का आरोप लगा है। इसके साथ ही उस पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, टिहरी विस्थापित शिवालिक नगर, गली नंबर छह निवासी सोमिल चौधरी ने तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि उनके ससुर सुरेश राठौर के होटल ‘रानीपुर राजवाड़ा’ में देवेश शर्मा को मैनेजर के रूप में नियुक्त किया गया था। शुरुआत में उसने भरोसा जीतते हुए ठीक से काम किया। इसके बाद होटल के बैंक खाते, चेकबुक और डेबिट कार्ड की जिम्मेदारी भी उसे सौंपी गई।
शिकायत में आरोप है कि पिछले तीन महीनों से होटल कर्मचारियों को वेतन नहीं दिया गया। इसी दौरान मैनेजर ने लगभग तीन लाख रुपये और एक सोने की अंगूठी लेकर बिना सूचना दिए फरार हो गया। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से हरिपुर कलां में रह रहा था।
सोमिल चौधरी ने कहा कि जब उनसे संपर्क किया गया तो देवेश शर्मा ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। सिडकुल थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है।
