देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब सचिवालय से महज एक किलोमीटर दूर तिब्बती मार्केट में एक युवक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के समय सचिवालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक चल रही थी। हाई-सिक्योरिटी और वीवीआईपी आवाजाही वाले इलाके में हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब 10:30 बजे स्कूटी पर सवार दो युवक तिब्बती मार्केट पहुंचे। वहां फल खरीद रहे लगभग 40 वर्षीय अर्जुन शर्मा पर उन्होंने बेहद नजदीक से ताबड़तोड़ फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। गोली लगते ही अर्जुन शर्मा जमीन पर गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक हुई फायरिंग से बाजार में अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई। बताया जा रहा है कि वह परेड ग्राउंड से टेनिस खेलकर लौट रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और शहरभर में नाकाबंदी कर हमलावरों की तलाश की जा रही है।

संवेदनशील क्षेत्र में हत्या
तिब्बती मार्केट राजधानी का व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र है। इसके आसपास सचिवालय, पुलिस मुख्यालय और अन्य महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालय स्थित हैं, जहां लगातार वीवीआईपी मूवमेंट रहता है। ऐसे हाई-सुरक्षा क्षेत्र में दिनदहाड़े हत्या की घटना ने आम लोगों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।
हालिया घटनाओं से बढ़ी चिंता
इसी इलाके के निकट हाल ही में एक पत्रकार पर हमला हुआ था, जबकि पलटन बाजार क्षेत्र में कुछ समय पहले एक युवती की हत्या की घटना सामने आई थी। लगातार हो रही आपराधिक वारदातों से स्थानीय लोग चिंतित हैं और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने दिए कड़े निर्देश
घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने गृह सचिव शैलेश बगौली को तत्काल सख्त निर्देश जारी किए। गृह सचिव ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और मामले के त्वरित खुलासे के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अवैध हथियारों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की तैयारी की जा रही है।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। भाजपा विधायक दिलीप रावत ने भी राजधानी में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया।
