रुद्रपुर (उत्तराखंड) में आयोजित एक निजी कार्यक्रम के दौरान बॉलीवुड अभिनेता मनोज बाजपेयी और उधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा के बीच हुई मुलाकात चर्चा में रही। यह भेंट औपचारिक परिचय तक सीमित नहीं रही, बल्कि सिनेमा, समाज, कानून व्यवस्था, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली जैसे विषयों पर गंभीर संवाद में तब्दील हो गई।

गुरुवार को रुद्रपुर पहुंचे मनोज बाजपेयी ने एसएसपी मणिकांत मिश्रा से मुलाकात के दौरान अपने अनुभव साझा किए। बातचीत के दौरान दोनों ने इस बात पर विचार किया कि सिनेमा और प्रशासन अपनी-अपनी भूमिका के माध्यम से समाज को सकारात्मक दिशा देने में कैसे योगदान कर सकते हैं। युवाओं की सोच, सामाजिक जिम्मेदारी और अनुशासित जीवन पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
इस संवाद के दौरान अभिनेता मनोज बाजपेयी एसएसपी मणिकांत मिश्रा की फिटनेस से विशेष रूप से प्रभावित नजर आए। उन्होंने उनकी फिटनेस की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस तरह की शारीरिक क्षमता तो फिल्मी दुनिया में भी बेहद जरूरी मानी जाती है। फिटनेस से जुड़े विषय पर बातचीत के दौरान मनोज बाजपेयी ने अपनी दिनचर्या और स्वास्थ्य से जुड़े कुछ अनुभव भी साझा किए।

ईटीवी भारत से बातचीत में एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि अभिनेता ने फिटनेस को लेकर बताया कि वे दोपहर के बाद भोजन नहीं करते और ऐसे खाद्य पदार्थों से दूरी बनाए रखते हैं जो शरीर पर नकारात्मक असर डालते हैं।
मुलाकात के बाद मनोज बाजपेयी अपने अगले कार्यक्रम के लिए रवाना हो गए।
उल्लेखनीय है कि उधम सिंह नगर के एसएसपी मणिकांत मिश्रा अपनी सख्त प्रशासनिक कार्यशैली और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई को लेकर लगातार सुर्खियों में रहते हैं। ड्रग्स माफियाओं के खिलाफ बड़े अभियान के दौरान 70 से अधिक वाहनों और करीब 300 पुलिसकर्मियों के साथ उत्तर प्रदेश के बरेली पहुंचकर की गई कार्रवाई के बाद उनका नाम व्यापक रूप से चर्चा में आया था। इस पूरे अभियान से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर भी काफी वायरल हुए थे।