रुद्रपुर। नववर्ष से पहले उधम सिंह नगर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करते हुए बड़ी कामयाबी हासिल की है। कोतवाली आईटीआई थाना पुलिस और औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर करीब 40 लाख रुपये मूल्य की नशीली और प्रतिबंधित दवाइयों का जखीरा बरामद किया है। मामले में अज्ञात तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि थाना आईटीआई क्षेत्र में नशीली दवाइयों की बड़ी खेप छिपाकर रखी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने औषधि विभाग की टीम के साथ दड़ियाल फ्लाईओवर के पास, बाजपुर रोड राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे संयुक्त छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पराली के नीचे प्लास्टिक की काली पन्नी में छिपाकर रखी गई 17 गत्ते की पेटियों से भारी मात्रा में नशीली दवाइयां बरामद की गईं। बरामद दवाइयों की अनुमानित बाजार कीमत करीब 40 लाख रुपये आंकी गई है।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देशन नशा तस्करों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई।
नव वर्ष से पूर्व प्रबंधित नशीली दवाइयों/ इंजेक्शन/कैप्सूल की बड़ी खेप बरामद
40 लाख रुपए आंकी गई है बरामद सामग्री की कीमत।#UKPoliceStrikeOnCrime #udhamsinghnagarpolice pic.twitter.com/6XK0SFFbYQ
— Udham Singh Nagar Police Uttarakhand (@UdhamSNagarPol) December 30, 2025
पुलिस के अनुसार, बरामद सामग्री में 12,250 NRx Buprenorphine Injection, 49,920 Spasmo Capsules, 64,560 Spasmore Capsules, 51,360 Proxiohm-Spas Capsules और 1,74,000 OHMS Alpha टैबलेट शामिल हैं। ये सभी दवाइयां नियंत्रित श्रेणी में आती हैं और इनका उपयोग अवैध नशे के कारोबार में किया जाता है।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। बरामद दवाइयों को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जाएगा। साथ ही पुलिस तस्करों की पहचान, उनके नेटवर्क और सप्लाई चेन का पता लगाने के लिए गहन जांच कर रही है।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा। नववर्ष के दौरान युवाओं को नशे से बचाने और जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।
🛑 #एसएसपी_मणिकांत_मिश्रा का नशा तस्करों के विरुद्ध कड़ा प्रहार — 01 करोड़ रूपये से अधिक के 43,950 नशीले इंजेक्शन बरामद !
➡️ कोतवाली काशीपुर पुलिस व SOG काशीपुर की संयुक्त टीम ने BINORPHINE व REXOGESIC के 43,950 नशीले इंजेक्शन किए बरामद । pic.twitter.com/3964dbwCjS
— Udham Singh Nagar Police Uttarakhand (@UdhamSNagarPol) December 16, 2025
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी 16 दिसंबर को उधम सिंह नगर पुलिस ने कोतवाली काशीपुर और एसओजी काशीपुर की संयुक्त कार्रवाई में एक करोड़ रुपये से अधिक कीमत के 43,950 नशीले इंजेक्शन बरामद किए थे। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से नशा तस्करों में खलबली मची हुई है।
