रुद्रपुर। उधम सिंह नगर जनपद में शीतलहर और घने कोहरे के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने सोमवार को जनपद के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों और कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी सरकारी, अर्ध-सरकारी व निजी विद्यालयों में अवकाश घोषित करने के आदेश जारी किए हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि तराई क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से कड़ाके की ठंड के साथ घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे सड़कों पर दृश्यता लगभग शून्य हो गई है। ऐसे हालात में स्कूली बच्चों का बाहर निकलना जोखिम भरा हो सकता है। मौसम विभाग द्वारा भी सोमवार को घने कोहरे और शीत दिवस की चेतावनी जारी की गई है, जिसके मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है।

प्रशासन की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह अवकाश पूरी तरह छात्रों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए घोषित किया गया है। सभी तहसीलदारों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि आदेश का सख्ती से पालन कराया जाए। आदेश का उल्लंघन करने वाले स्कूलों और संस्थानों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं उत्तराखंड मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि हरिद्वार, उधम सिंह नगर, नैनीताल, चंपावत, देहरादून और पौड़ी जनपदों में घना कोहरा छाने की संभावना है। हरिद्वार और उधम सिंह नगर में शीत दिवस की स्थिति बन सकती है, जिसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम शुष्क बना रह सकता है। राजधानी देहरादून में आंशिक बादल छाए रहने के साथ कोहरा रहने की संभावना है, जहां अधिकतम तापमान लगभग 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 8 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
