उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले के बालगंगा तहसील क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां एक युवक पर उसकी ही मां, भाभी और बड़े भाई द्वारा जानलेवा हमला किए जाने का आरोप है। इस हमले में युवक बुरी तरह घायल हो गया और संक्रमण फैलने के कारण डॉक्टरों को उसके दोनों हाथ काटने पड़े।

पुलिस के अनुसार, अंग्रेज सिंह (पुत्र स्व. गजे सिंह) का अपने परिवार से विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी विवाद के चलते उसकी मां जेठी देवी और भाभी अंजलि देवी ने बड़े बेटे पूरब सिंह को मुंबई से गांव बुलाया। पीड़ित का कहना है कि 20 दिसंबर की देर रात, गांव पहुंचने के बाद तीनों ने मिलकर उस पर चाकू और अन्य धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
हमले के दौरान अंग्रेज सिंह के दोनों हाथों पर गंभीर वार किए गए, जिससे उसकी हड्डियां बाहर निकल आईं। इसके अलावा उसके गले पर भी चाकू से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल युवक शनिवार सुबह से दोपहर तक गांव में ही दर्द से तड़पता रहा। बाद में बड़ा भाई पूरब सिंह उसे 108 एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलेश्वर लेकर पहुंचा, जहां से डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक बताते हुए उसे श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर कर दिया।
श्रीनगर बेस अस्पताल में इलाज के दौरान अत्यधिक चोट और संक्रमण फैलने के कारण डॉक्टरों को अंग्रेज सिंह के दोनों हाथ काटने पड़े। सोमवार को किसी तरह वह गांव लौटा और मंगलवार को चमियाला पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद घनसाली थाने में बड़े भाई पूरब सिंह और भाभी अंजलि देवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
घनसाली थाने के एसएचओ अजय सिंह जाटव ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
