रुद्रपुर में शुक्रवार को पुलिस प्रशासन उस समय सतर्क हो गया, जब संपत्ति विवाद से परेशान एक महिला पेट्रोल की बोतल लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंच गई। महिला को इस हालत में देखकर कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों की तत्परता और सूझबूझ से किसी भी अनहोनी को होने से पहले ही रोक लिया गया।

आवास विकास क्षेत्र की रहने वाली महिला का अपने देवर के साथ लंबे समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है। पीड़िता का आरोप है कि उसका देवर करीब 28 वर्षों तक उसके घर में रहा। इसके बाद उसने दिनेशपुर और ट्रांजिट कैंप में अपने मकान बना लिए। तीन वर्ष पूर्व वह अपने परिवार के साथ ट्रांजिट कैंप स्थित मकान में रहने लगा, लेकिन अब वह आवास विकास स्थित मकान पर कब्जा करना चाहता है।
महिला के अनुसार, शुक्रवार को उसे आवास विकास चौकी बुलाया गया था। आरोप है कि जब वह चौकी पहुंची, तो उसके देवर ने स्थानीय पार्षद और पुलिस की मदद से विवादित मकान का ताला तोड़कर कब्जा कर लिया। इससे आहत महिला ने पुलिस प्रशासन से न्याय और मकान पर पुनः कब्जा दिलाने की मांग की। मांग पूरी न होने पर उसने आत्महत्या की धमकी दी।
इसी आक्रोश में महिला पेट्रोल की बोतल लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंच गई। वहां तैनात पुलिस कर्मियों ने तत्काल महिला के हाथ से पेट्रोल की बोतल सुरक्षित रूप से अपने कब्जे में ली और उसे एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी से मिलवाया। अधिकारियों द्वारा निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद महिला शांत हुई और अपने घर लौट गई।
इस संबंध में एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि संपत्ति विवाद से जुड़ी शिकायत प्राप्त हुई है। मामला न्यायालय में लंबित है। ट्रांजिट कैंप थाना प्रभारी और आवास विकास चौकी प्रभारी को पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
