देहरादून। विश्व अल्पसंख्यक अधिकार दिवस के अवसर पर उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग की ओर से देहरादून स्थित हिमालयन सांस्कृतिक केंद्र, गढ़ी कैंट में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उनके साथ अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री शादाब शम्स और उत्तराखंड वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि अल्पसंख्यक समुदाय के अधिकारों की सुरक्षा और उनके सर्वांगीण विकास के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक कल्याण से जुड़ी योजनाओं के माध्यम से अल्पसंख्यक वर्ग को मुख्यधारा से जोड़ने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।

इस अवसर पर उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग की उपाध्यक्ष फरजाना बेगम, आयोग के पूर्व अध्यक्ष आर.के. जैन व बिंद्रा जी, आयोग के सभी सदस्य, तथा उत्तराखंड अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अनीश गौड विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान अल्पसंख्यक समाज के अधिकारों, सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा की गई। आयोजन में बड़ी संख्या में गणमान्य लोग और समाज के प्रतिनिधि शामिल हुए।
