गदरपुर। भाजपा महिला मोर्चा के जिला स्तरीय सम्मेलन में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें सरकार की योजनाओं से जोड़ने पर विशेष बल दिया गया। मंगलवार को दिनेशपुर रोड स्थित बारातघर में आयोजित सम्मेलन में महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भर भारत अभियान और संगठन की नीतियों पर चर्चा की गई।

मुख्य वक्ता रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं ने आर्थिक रूप से खुद को सशक्त बनाया है। उन्होंने बताया कि कई महिलाएं स्वरोजगार अपनाकर “लखपति दीदी” बन चुकी हैं। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में महिलाओं के समूह आत्मनिर्भरता की नई कहानी लिख रहे हैं।
विधायक अरविंद पांडेय ने कहा कि भाजपा सरकार ने महिलाओं के उत्थान के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की हैं, जिनमें एनआरएलएम (राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन) का अहम योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं समाज के हर क्षेत्र में 50 प्रतिशत भागीदारी के साथ अपनी पहचान बना रही हैं।
भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज पाल ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत मातृशक्ति हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि समूहों के माध्यम से महिलाओं को न केवल आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है, बल्कि उन्हें आर्थिक दृष्टि से भी मजबूत किया जा रहा है।
जिला प्रभारी रश्मि रस्तोगी ने कहा कि महिलाओं में भाजपा के प्रति विश्वास बढ़ा है, जबकि सह संयोजिका और पूर्व पालिका अध्यक्ष अंजू भुड्ढी ने कहा कि स्वरोजगार ने महिलाओं को स्वावलंबी बनने की दिशा में आगे बढ़ाया है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष ज्योति अरोड़ा ने की और संचालन जिला मंत्री चंद्रिका फौगाट ने किया। इस अवसर पर सुरेश खुराना, चंकित हुड़िया, अभिषेक वर्मा, मनविंदर पांडेय, सीमा सरकार, दीपशिखा माथुर, मानसी शर्मा, निशा चौहान और सीमा चौधरी सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
संगठन विरोधियों पर कड़ा संदेश:
सम्मेलन के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज पाल ने कहा कि निकाय और पंचायत चुनावों में पार्टी के खिलाफ काम करने वाले कार्यकर्ताओं पर अब कार्रवाई तय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे संगठन विरोधी कार्यकर्ताओं को किसी भी हालत में अभयदान नहीं दिया जाएगा। शीर्ष नेतृत्व को रिपोर्ट भेजी जा चुकी है, और पार्टी उनके राजनीतिक भविष्य का निर्णय करेगी।
