शक्तिफार्म। विधानसभा सत्र के दौरान भाजपा विधायक मुन्ना सिंह चौहान द्वारा बंगाली समाज को लेकर दिए गए बयान ने बवाल खड़ा कर दिया है। चौहान के इस बयान को बंगाली विरोधी बताते हुए शक्तिफार्म में भाजपा कार्यकर्ताओं और बंगाली समाज ने तीखा विरोध जताया। उनका कहना है कि इस तरह के बयान से समाज की भावनाएं आहत हुई हैं और पार्टी की साख को नुकसान पहुंचा है।

भाजपा मंडल अध्यक्ष गोविंद तालुकदार, महामंत्री मनोज सरकार, युवा मोर्चा जिला महामंत्री मयंक अग्रवाल, उपाध्यक्ष रिपुसूदन मंडल, मीना मजूमदार, सभासद विक्रम भंडारी और गोविंद पोखरिया ने चौहान के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि बंगाली समाज उत्तराखंड की संस्कृति और विकास का हिस्सा है। अनुसूचित जाति का दर्जा उन्हें किसी की कृपा से नहीं, बल्कि अपने अधिकार से मिला है।
नेताओं ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने खुद बंगाली समाज को आरक्षण देने के लिए केंद्र को प्रस्ताव भेजा था। चौहान के बयान से खटीमा से गदरपुर तक बंगाली समाज में आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने यह भी कहा कि किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ और गदरपुर के पूर्व विधायक ने भी इस समाज के हितों की कभी पैरवी नहीं की।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने बताया कि बंगाली समुदाय के लिए भूमिधरी अधिकार, सिरसा मार्ग और सूखी नदी पर पुल निर्माण, और गुरुचांद ठाकुर छात्रवृत्ति योजना जैसी कई योजनाएं कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा के प्रयासों से लागू हुई हैं।
इस मौके पर संजय बाछड़, समीर डे, दिलीप मिस्त्री, प्रभाकर राय, रबीन खान, तारक मंडल, केपी मंडल, सुबीर सरकार, प्रशांत मंडल, माखन मंडल, सुबल विश्वास, रमेश राय, राकेश विश्वास और अजय चौधरी समेत कई लोग मौजूद रहे।
दिनेशपुर में फूटा गुस्सा, चौहान और बहुगुणा का पुतला फूंका
दिनेशपुर में बंगाली समाज ने रविवार को सुभाष चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया। बंगाली छात्र युवा संगठन के बैनर तले जुटे लोगों ने भाजपा विधायक मुन्ना सिंह चौहान और कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा का पुतला दहन किया।
पूर्व विधायक प्रेमानंद महाजन ने कहा कि मुन्ना सिंह चौहान लगातार बंगाली समाज का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि बंगाली वोटरों की बदौलत जीतने वाले सौरभ बहुगुणा सदन में मौजूद थे, फिर भी उन्होंने चौहान की टिप्पणी पर आपत्ति क्यों नहीं जताई।
प्रदर्शन में बंगाली कल्याण समिति के अध्यक्ष दिलीप अधिकारी, ममता हाल्दार, आशुतोष राय, नारायण हाल्दार, विकास राय, प्रसन्नजीत शाह और अमृत विश्वास सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
