बाजपुर। बाजपुर क्षेत्र के दियोहरी नमूना गांव में एक वाल्मीकि परिवार ने धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से मदद मांगी है। पीड़ित परिवार का कहना है कि विरोध करने पर आरोपियों ने उन्हें गाली-गलौज की और मारपीट की कोशिश की।

शनिवार शाम पीड़ित संजीव अपने परिवार और समर्थकों के साथ कोतवाली पहुंचे और एसआई देवेंद्र मनराल को तहरीर सौंपी। संजीव ने बताया कि 5 नवंबर को गांव के कुछ ईसाई समाज के लोगों ने उनके परिवार को धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर किया। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने अभद्र व्यवहार किया और उन्हें धमकाया। शोर मचने पर आसपास के लोग इकट्ठा हुए, जिससे आरोपी मौके से फरार हो गए।
इस दौरान उत्तराखंड वाल्मीकि दलित समाज सुधार संगठन के प्रदेशाध्यक्ष अनिल वाल्मीकि समेत सुरेश वाल्मीकि, मुकेश वाल्मीकि, संजीव कुमार और सुमन सहित कई लोग भी मौजूद रहे। उन्होंने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस की प्रतिक्रिया:
प्रभारी सीओ दीपक सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला आपसी विवाद का प्रतीत हो रहा है। फिर भी पुलिस निष्पक्ष जांच कर रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी को भी कानून से ऊपर नहीं माना जाएगा।