देहरादून। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की विश्व कप विजेता खिलाड़ी स्नेह राणा शनिवार को जब देहरादून लौटीं, तो जॉली ग्रांट एयरपोर्ट तालियों, जयघोष और फूलों से गूंज उठा। उत्तराखंड की इस बेटी का स्वागत देखने लायक था — ढोल-नगाड़ों की थाप और “भारत माता की जय” के नारों ने पूरे माहौल को देशभक्ति से भर दिया।

स्नेह राणा ने हाल ही में संपन्न महिला विश्व कप में शानदार प्रदर्शन कर भारत को खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई। चोट से जूझने के बाद उनकी मैदान पर वापसी प्रेरणादायक रही। मूल रूप से देहरादून के सिनेोला गांव की रहने वाली स्नेह का स्वागत करने परिवार, प्रशंसक और खेल प्रेमी बड़ी संख्या में एयरपोर्ट पहुंचे। उनके भाई कमल राणा और भाभी ऋचा राणा ने कहा कि स्नेह की मेहनत और जज़्बे ने उत्तराखंड का मान बढ़ाया है।
एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में स्नेह राणा ने कहा, “विश्व कप जीतना हर खिलाड़ी का सपना होता है। यह जीत टीम की मेहनत और एकजुटता का परिणाम है। प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति से मुलाकात हमारे लिए गर्व का क्षण था, उन्होंने हमें आगे और बेहतर करने का आशीर्वाद दिया।”
मुख्यमंत्री धामी ने दी बधाई और ₹50 लाख की घोषणा
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्नेह राणा को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने राज्य का गौरव बढ़ाया है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य सरकार उन्हें ₹50 लाख की प्रोत्साहन राशि देगी। उन्होंने कहा, “स्नेह की सफलता उत्तराखंड की बेटियों के लिए प्रेरणा है। सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयासरत है।”
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने किया सम्मान
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी स्नेह राणा से मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि स्नेह का संघर्ष और उपलब्धि उत्तराखंड की हर बेटी के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है।
स्नेह राणा ने जताया आभार
स्नेह ने राज्यवासियों के प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, “मैं चाहती हूं कि उत्तराखंड की और बेटियां भी खेलों में आगे बढ़ें और देश का नाम रोशन करें। यह जीत पूरे देश और उत्तराखंड की है।”
