नोएडा। मशहूर ट्रैवल इन्फ्लुएंसर और फोटोग्राफर अनुनय सूद (Anunay Sood) का अमेरिका के लास वेगास में निधन हो गया। इस दुखद खबर की पुष्टि उनके परिवार ने गुरुवार सुबह अनुनय के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट के माध्यम से की।

जानकारी के मुताबिक, अनुनय एक वीडियो शूट पूरा करने के बाद होटल लौटे थे और रात को आराम करने के लिए अपने कमरे में चले गए। सुबह जब टीम के सदस्यों ने उन्हें जगाने की कोशिश की तो कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
नोएडा निवासी अनुनय सूद तीन भाई-बहनों में सबसे छोटे थे। उनके पिता राहुल सूद भेल से सेवानिवृत्त इंजीनियर हैं। घर पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने बताया कि अनुनय की मां दुबई में हैं और वहां से नोएडा लौट रही हैं। अनुमान है कि एक सप्ताह के भीतर पार्थिव शरीर भारत लाया जाएगा।

सोशल मीडिया पर अनुनय सूद की बड़ी फैन फॉलोइंग थी — उनके इंस्टाग्राम पर 14 लाख से अधिक फॉलोअर्स और यूट्यूब चैनल पर करीब चार लाख सब्सक्राइबर्स हैं। उनकी ट्रैवल फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी ने लाखों युवाओं को प्रेरित किया।
अनुनय ने अपनी यात्राओं के जरिए स्विट्जरलैंड की वादियों, टोक्यो की गलियों और आइसलैंड की झीलों को नए नजरिए से दुनिया के सामने पेश किया। वे फोर्ब्स इंडिया के टॉप 100 डिजिटल स्टार्स में शामिल रह चुके थे और भारत के प्रमुख ट्रैवल कंटेंट क्रिएटर्स में से एक थे।
