उत्तराखंड में इस वर्ष धान खरीद अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार ने इस सीजन में 5.25 लाख मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसमें कुमाऊं क्षेत्र का लक्ष्य 4.25 लाख मीट्रिक टन और गढ़वाल क्षेत्र का लक्ष्य 0.50 लाख मीट्रिक टन तय किया गया है।

प्रदेश की 29 मंडी समितियों में धान खरीद कार्य जारी है और अब तक 35.10 लाख क्विंटल (3.51 लाख मीट्रिक टन) धान खरीदा जा चुका है। खास बात यह है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के गृहक्षेत्र खटीमा ने इस बार सबसे अधिक धान खरीद में बाजी मारी है, जहां 6.35 लाख क्विंटल धान खरीदा गया है।
धान खरीद को पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के लिए सरकार ने कई सख्त कदम उठाए हैं। सभी खरीद केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और अधिकारियों की तैनाती कर निगरानी सुनिश्चित की गई है। सरकार का कहना है कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य और समय पर भुगतान प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है।
प्रदेश में धान खरीद प्रक्रिया 1 अक्तूबर से शुरू हुई थी और यह सुचारु रूप से जारी है। किसानों की सुविधा के लिए मंडियों में सभी आवश्यक सुविधाएं और व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गई हैं ताकि किसी को दिक्कत न हो।
| शहर | धान खरीद (क्विंटल) |
|---|---|
| हल्द्वानी | 1.40 लाख |
| रामनगर | 31.15 हजार |
| रुद्रपुर | 3.80 लाख |
| काशीपुर | 4.51 लाख |
| जसपुर | 2.69 लाख |
| सितारगंज | 2.81 लाख |
| खटीमा | 6.35 लाख |
| किच्छा | 2.07 लाख |
| गदरपुर | 2.34 लाख |
| बाजपुर | 3.32 लाख |
| टनकपुर | 28.86 हजार |
| नानकमत्ता | 3.60 लाख |
| देहरादून | 874 |
| विकासनगर | 11.16 हजार |
| ऋषिकेश | 4,774 |
| मंगलौर | 18.33 हजार |
| लक्सर | 46.11 हजार |
| हरिद्वार | 28.09 हजार |
| रुढ़की | 15.97 हजार |
| चमोली | 31.34 हजार |
| भगवानपुर | 1.56 लाख |
सरकार को उम्मीद है कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप धान खरीद जल्द पूरी हो जाएगी और किसानों को उनकी उपज का समुचित मूल्य समय पर मिल सकेगा।