उधम सिंह नगर जिले के किच्छा में पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में नशे के कारोबार को बड़ा झटका लगा है। टीम ने तीन किलो से अधिक अफीम के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में से एक बहेड़ी थाना क्षेत्र का गैंगस्टर बताया जा रहा है। दोनों को एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल भेज दिया गया है।

एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि मंगलवार को इंस्पेक्टर एमपी सिंह के नेतृत्व में किच्छा पुलिस और एसटीएफ की टीम ने दरऊ चौकी क्षेत्र में दबिश दी। गिद्वपुरी मार्ग पर निर्माणाधीन फ्लोर मिल के पास टीम को देखकर बाइक सवार दो युवक भागने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
तलाशी में उनके पास से 3.08 किलो अफीम बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों की पहचान ग्राम बहीपुर, थाना बहेड़ी निवासी सलीम और शेर मोहम्मद के रूप में हुई। दोनों ने कबूला कि वे अफीम को बहेड़ी से लाकर किच्छा क्षेत्र में किसी को सप्लाई करने जा रहे थे।
एसएसपी ने बताया कि दोनों तस्करों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। जांच में यह खुलासा हुआ कि सलीम के खिलाफ बहेड़ी थाने में 40 लाख रुपये की डकैती, गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
