काशीपुर। दीपावली से पहले जिले में बढ़ते प्रदूषण स्तर पर नियंत्रण के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने निगरानी तेज कर दी है। सोमवार को काशीपुर के एलडी भट्ट उप जिला चिकित्सालय और रुद्रपुर के जवाहरलाल नेहरू जिला अस्पताल में रेस्पिरेबल डस्ट सैंपलर मशीनें लगाई गईं।

इन मशीनों के माध्यम से 13 अक्तूबर से 27 अक्तूबर तक जिले की वायु गुणवत्ता का 24 घंटे थर्ड पार्टी मॉनिटरिंग की जाएगी। इस दौरान दीपावली से पहले और बाद में एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) में होने वाले बदलावों पर विशेष नजर रखी जाएगी।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी एस.पी. सिंह ने बताया कि दीपावली के अवसर पर जिले की हवा की स्थिति का विस्तृत मूल्यांकन किया जाएगा। साथ ही त्योहार से दो दिन पूर्व और दो दिन बाद तक ध्वनि प्रदूषण की भी जांच होगी। ध्वनि स्तर से जुड़े सभी आंकड़े दर्ज कर पर्यावरण संतुलन के लिए कदम उठाए जाएंगे।
