देहरादून। राजधानी में शनिवार देर रात तेज रफ्तार कार ने सड़क पर चल रहे लोगों को टक्कर मार दी, जिससे डीएवी पीजी कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष जितेंद्र सिंह बिष्ट की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उनके साथ कई लोग घायल हुए। घटना के बाद चालक कार छोड़कर फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, बुड्ढी गांव निवासी मुजम्मिल ने अपनी कार वसीम के वर्कशॉप में रिपेयर के लिए दी थी। शनिवार रात वर्कशॉप में कार्यरत अब्बू ने वाहन की मेंटेनेंस चेक के लिए कार बाहर निकाली।
उसी समय, जितेंद्र बिष्ट अपने दोस्त वासु के जन्मदिन समारोह के लिए कार्यालय में दोस्तों के साथ मौजूद थे। उनके साथ ऋतिक, ओमी सजवान और वैभव रावत भी थे। रात करीब 8 बजे केक काटने के बाद सभी घर लौट रहे थे कि तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। दुर्घटना में जितेंद्र कार के नीचे आ गए और ऋतिक राजपूत भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। कोतवाली पटेल नगर पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे छात्रों को शांत कराया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है। वर्कशॉप के मालिक वसीम को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि फरार चालक की तलाश जारी है।
बताया गया कि जितेंद्र सिंह बिष्ट वर्ष 2018 में एबीवीपी छात्रसंघ अध्यक्ष चुने गए थे और वर्तमान में भाजपा महानगर महामंत्री पद पर कार्यरत थे। उनके असमय निधन से छात्र और राजनीतिक समुदाय में शोक की लहर है।
